शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि महानगर का सर्वांगीण विकास कराना उनकी प्राथमिकता है और प्रदेश सरकार के सहयोग से शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सहारनपुर में बीते कुछ वर्षों में व्यापक बदलाव देखने को मिला है और विकास का यह क्रम आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर विधायक राजीव गुम्बर मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना एवं डूडा द्वारा स्वीकृत विभिन्न सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों के शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके प्रस्ताव पर शासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले सहारनपुर की स्थिति उपेक्षित शहर जैसी हो गई थी, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद शहर में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। सड़कों, नालियों, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक सोच का लाभ प्रदेश के हर शहर और गांव को मिल रहा है।
इस अवसर पर विधायक राजीव गुम्बर, पूर्व महापौर संजीव वालिया तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
जिन विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया उनमें गणेश विहार में मेन रोड से ढमोले की ओर जाने वाली सड़क, श्याम विहार कॉलोनी में भगवती प्रॉपर्टी से संजू कश्यप के मकान तक सड़क निर्माण, सुशील के प्लाट से जितेंद्र के मकान तक मार्ग निर्माण, सुपर विहार में श्री बांके बिहारी मंदिर से दो गलियों सहित ढमोले की ओर सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा श्याम नगर में कैलाश नामदेव के मकान से योगेश सैनी के मकान तक तथा शाकुम्भरी प्रॉपर्टी से पंकज कश्यप के मकान तक सड़क और नाली निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। लोगों ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और विधायक का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रेमपाल कटारिया, अनेश शर्मा, सर्विष्ट गुप्ता, मनुज तायल, विनोद चैजड़, किशोर शर्मा, योग चुग, नंदकिशोर शर्मा, आरती शर्मा, पार्षद निशांत शर्मा, राजेश वालिया, धन प्रकाश कश्यप सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी योजनाओं को तय समय में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में और विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।








