सहारनपुर में पटाखा बुलेट और प्रेशर हॉर्न पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 15 वाहनों के चालान

सहारनपुर यातायात पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 15 पटाखा बुलेट वाहनों के चालान किए। डेढ़ लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया और कई वाहन सीज किए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया। मंगलवार देर रात चलाए गए इस अभियान में यातायात पुलिस ने 15 पटाखा बुलेट वाहनों का चालान करते हुए डेढ़ लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। वहीं दो वाहनों को सीज भी किया गया। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए दो अन्य वाहनों के खिलाफ भी सीज की कार्रवाई की गई।

यह अभियान यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाया गया। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात द्वारा की गई, जबकि प्रभारी यातायात अमित तोमर के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर संघन चेकिंग अभियान चलाया।

यातायात पुलिस ने विशेष रूप से ऐसे दोपहिया वाहनों को चेक किया, जिनमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाकेदार आवाज निकाली जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं।

अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन पकड़े गए, जिनमें अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न और हूटर लगाए गए थे। यातायात पुलिस ने इन वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया। दो वाहनों को गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर सीज भी किया गया।

इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए दो वाहन चालकों के वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रभारी यातायात अमित तोमर ने बताया कि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर और पटाखा बुलेट का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिस पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों ने भी संतोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि पटाखा बुलेट और तेज आवाज वाले हॉर्न से आमजन, बुजुर्गों, मरीजों और विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। कई बार अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से लोग घबरा जाते हैं और दुर्घटना की स्थिति भी बन जाती है।

शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी यातायात पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे लगातार जारी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों पर सख्ती होने से ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगेगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

यातायात विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और सीज जैसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य