नितिन सैनी
खेड़ा अफगान (सहारनपुर)। सहारनपुर जनपद के खेड़ा अफगान क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बंद मकान में चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मकान की दीवार फांदकर भीतर घुसे और अलमारी व संदूक के ताले तोड़कर नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार घटना में करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार खेड़ा अफगान निवासी अजय कुमार पुत्र बाबूराम अपनी पत्नी को दवा दिलाने के लिए शनिवार को सहारनपुर गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर दीवार फांदकर मकान के अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी अलमारी और संदूक के ताले तोड़ दिए तथा लगभग तीन लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए।

शाम को जब अजय कुमार अपनी पत्नी के साथ घर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और संदूक खुले देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
अम्बेहता चौकी प्रभारी तपन जयंत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी









