Saharanpur News: गुरु रविदास जन्मस्थली की पावन मिट्टी लेकर सहारनपुर पहुंची कलश यात्रा, समरसता संकल्प अभियान को मिला जनसमर्थन

सहारनपुर में संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर धाम से पावन मिट्टी लेकर निकली कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। समरसता संकल्प अभियान के तहत यह यात्रा भाजपा के 11 मंडलों और रविदास मंदिरों तक पहुंचेगी।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर धाम से पावन मिट्टी लेकर निकली कलश रथ यात्रा शनिवार को सहारनपुर पहुंची। शहर के हसनपुर चौक पर नगर विधायक राजीव गुंबर के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा का पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।

स्वागत समारोह के बाद कलश यात्रा नगर विधानसभा क्षेत्र से होते हुए देहात विधानसभा के पिंजोरा गांव स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज मंदिर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कलश की स्थापना की गई तथा यात्रा को विश्राम दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित होकर संत रविदास के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और समानता का संदेश भी देती है। उन्होंने बताया कि इस पावन मिट्टी से अनेक कलश तैयार किए जाएंगे, जिन्हें भाजपा महानगर के सभी 11 मंडलों में यात्रा के माध्यम से ले जाया जाएगा। इसके बाद नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संत रविदास मंदिरों में इन कलशों की स्थापना की जाएगी, जिससे संत रविदास के विचार जन-जन तक पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन में जाति-पांति से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। आज के समय में उनके विचार समाज को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य भी इन्हीं मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

भाजपा महानगर महामंत्री ललित कटारिया वाराणसी से यात्रा के साथ सहारनपुर पहुंचे। देहात विधानसभा क्षेत्र में योगेश कुमार, जयराम गौतम, अजब सिंह और विश्व दयाल छोटन ने भी अपने समर्थकों के साथ यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा, राकेश जैन, जिला मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता, नीरज ठकराल, रतन सिंह, जोगेंद्र लाला, विजय वर्मा, विजय चौहान, स्वराज सैनी, पार्षद राजू सिंह (ओजपुरा), सुलेख चंद, अनिल गर्ग, वीरेंद्र उपाध्याय, सुनील पवार, अनिल शर्मा, सोपीन पाल, मुकेश गख्खड़, मयंक गर्ग, राजकुमार कालरा, प्रदीप शर्मा, मुकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संत गुरु रविदास महाराज के समानता, सामाजिक सद्भाव, प्रेम और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समरसता और सामाजिक एकता ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है तथा संत रविदास के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य