शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में शनिवार शाम एक डिग्री कॉलेज के 52 वर्षीय क्लर्क द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना सरसावा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान रेलवे रोड निवासी देवदत्त शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर पहुंचने के बाद तमंचे से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले देवदत्त शर्मा ने अपनी भांजी को व्हाट्सएप पर एक भावुक संदेश भेजा था। इस संदेश में उन्होंने स्वयं को लगातार अपमानित महसूस करने की बात लिखी और कहा कि वह अब यह पीड़ा सहन नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस इस संदेश को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए इसकी गहन पड़ताल कर रही है।
गोली की आवाज सुनकर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम देवदत्त शर्मा अपने घर के पीछे संचालित जिम से घर लौटे थे। कुछ देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनकी पत्नी सीमा कमरे में पहुंचीं तो पति को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा। उनके पास ही तमंचा भी पड़ा हुआ था।
पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल देवदत्त शर्मा को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
भांजी को भेजा अंतिम संदेश
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि घटना से पहले देवदत्त शर्मा ने अपनी भांजी को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्होंने लिखा कि वह लगातार अपमान सहन करते-करते मानसिक रूप से टूट चुके हैं और अब यह जीवन उनके लिए असहनीय हो गया है। संदेश में उन्होंने अपनी कुछ अंतिम इच्छाओं का भी उल्लेख किया था। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
देवदत्त शर्मा की शादी करीब 33 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अभिषेक सऊदी अरब में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा आदित्य चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है। वह एक डिग्री कॉलेज में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के अलावा उन्होंने अपने घर के पीछे एक जिम भी संचालित कर रखा था, जिसे ड्यूटी के बाद संभालते थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही सरसावा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक द्वारा रिश्तेदार को भेजे गए संदेश की भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर घटना के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा।








