Saharanpur News: कांवड़ सेवा शिविर पहुंचे सांसद इमरान मसूद और एमएलसी शाहनवाज, हिंदू-मुस्लिम एकता का दिया संदेश

सहारनपुर में श्री कैलाश धाम सेवा ट्रस्ट के कांवड़ सेवा शिविर में सांसद इमरान मसूद और एमएलसी शाहनवाज पहुंचे। शिवभक्तों की सेवा करते हुए उन्होंने हिंदू-मुस्लिम एकता, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान सहारनपुर में सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी तहजीब की एक और प्रेरणादायी तस्वीर देखने को मिली। श्री कैलाश धाम सेवा ट्रस्ट की ओर से शिवालिक गार्डन में आयोजित शिव कांवड़ सेवा शिविर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और विधान परिषद सदस्य शाहनवाज पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया, उनकी सुविधाओं का जायजा लिया तथा सेवा कार्य में भागीदारी निभाते हुए धार्मिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

शिविर का शुभारंभ देवी सुदीक्षा सरस्वती ने किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है और इस पुण्य कार्य में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। श्री कैलाश धाम सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी ललित पोपली ने बताया कि संस्था पिछले 32 वर्षों से लगातार कांवड़ सेवा शिविर का आयोजन कर रही है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर सांसद इमरान मसूद ने कहा कि भारत की असली पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी प्रेम और भाईचारे की संस्कृति है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। जब विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों में सहयोग करते हैं, तो देश की सामाजिक बुनियाद और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि हमारा संविधान सभी धर्मों को समान सम्मान देने की शिक्षा देता है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई और अन्य सभी समुदाय मिलकर भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की नफरत या अफवाह से दूर रहकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और समाज की खुशहाली तभी संभव है जब सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनें।

एमएलसी शाहनवाज ने भी कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा, त्याग और आस्था का पर्व है। ऐसे आयोजनों में सभी समुदायों की सहभागिता भारत की साझा संस्कृति को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर हमेशा से भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है और यह परंपरा आगे भी कायम रहनी चाहिए।

कार्यक्रम में पार्षद मंसूर बदर, राजीव चानना, कपिल ग्रोवर, संजय अरोड़ा (आरपी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्यों की सराहना की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य