शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने रविवार को मुजफ्फरनगर जनपद स्थित कांवड़ थाना रामपुर तिराहा, रामपुर तिराहा वॉच टावर तथा प्रमुख कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर स्थापित बैरिकेडिंग, अस्थायी पुलिस पिकेट, सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी, वॉच टावर, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रखी जाए और कांवड़ियों के मार्ग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस का व्यवहार संवेदनशील, विनम्र और सहयोगात्मक होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारती तत्वों की गतिविधि या सुरक्षा संबंधी चुनौती से सख्ती के साथ निपटा जाएगा।

डीआईजी ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को श्रावण मास का पहला सोमवार होने के कारण प्रदेश के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय किया गया है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि फिसलन वाले स्थानों पर एंटी-स्किड मैट बिछाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी कर रही है।
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, जिससे कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी।









