शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 73 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। साथ ही पूछताछ के आधार पर पूरे नशा तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।
रविवार को कोतवाली बेहट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दीक्षित के नेतृत्व में थाना बेहट पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम भोजेवाला चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तौसिफ पुत्र फय्याज निवासी ग्राम गोगवान, थाना कैराना (जनपद शामली), मुजक्किर पुत्र साजिद निवासी ग्राम तिगरी, थाना नकुड़ (जनपद सहारनपुर) तथा मुर्तजा पुत्र यासीन निवासी ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर, थाना बेहट (जनपद सहारनपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तौसिफ के कब्जे से 25 ग्राम, मुजक्किर से 23 ग्राम तथा मुर्तजा से 25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा आरोपियों के पास से यूपी-19 एआर-5913 नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसका उपयोग कथित रूप से नशा तस्करी में किया जा रहा था।
बेहट पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक कहां से लाई जाती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मुर्तजा के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुजक्किर के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस हर स्तर पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं नशा तस्करी या अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास कुमार, हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, गोविंद, अनुज कुमार, राहुल राणा तथा कांस्टेबल संजू सेम शामिल रहे। पुलिस टीम की इस सफलता की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।









