शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। हलालपुर-चिलकाना रोड स्थित बड़ी नहर में डूबी एक होंडा सिटी कार को संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तेज बहाव के बावजूद एमडीआरवी (मॉडर्न डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल) टीम ने विशेष लाइफ सेफ्टी उपकरणों की मदद से अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। राहत की बात यह रही कि कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:08 बजे सहारनपुर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हलालपुर-चिलकाना रोड पर स्थित बड़ी नहर में एक कार डूब गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल फायर स्टेशन बेहट रोड की एमडीआरवी टीम को मौके पर रवाना किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। इसके बावजूद प्रशिक्षित फायर कर्मियों ने आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों और लाइफ सेफ्टी गियर का उपयोग करते हुए नहर में डूबी होंडा सिटी कार (वाहन संख्या UK12B-2255) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद कार की गहन तलाशी ली गई, लेकिन उसमें कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद वाहन को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज बहाव के कारण कार को निकालना आसान नहीं था, लेकिन फायर सर्विस की टीम ने बेहद पेशेवर ढंग से अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर विभाग की तत्परता तथा साहसिक कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से किसी संभावित बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।

कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही अलर्ट पर चल रही सहारनपुर पुलिस और फायर सर्विस लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। इसी सतर्कता का परिणाम रहा कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच गई और अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
फायर विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नहरों, नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या फायर सर्विस को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में सहारनपुर पुलिस और फायर सर्विस पूरी तत्परता और समर्पण के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार हैं।








