Saharanpur News: कांवड़ यात्रा में सहारनपुर पुलिस का मानवीय चेहरा, शिवभक्तों को फल और जलपान वितरित कर जीता दिल

सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान पुलिस ने सुरक्षा के साथ सेवा का भी अनूठा उदाहरण पेश किया। विभिन्न कांवड़ शिविरों में शिवभक्तों को फल एवं जलपान वितरित कर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया।

श्री कांत शर्मा 

सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सहारनपुर पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों और सेवा शिविरों में तैनात पुलिसकर्मियों ने शिवभक्त कांवड़ियों को फल एवं सूक्ष्म जलपान वितरित कर उनके प्रति आत्मीयता का परिचय दिया।

कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में सहारनपुर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को भी प्राथमिकता दे रही है। विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने शिवभक्तों का कुशलक्षेम जाना, उन्हें फल और जलपान वितरित किया तथा उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित कांवड़ मार्गों का उपयोग करने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिसकर्मी से संपर्क करने की अपील भी की।

शिवभक्तों ने पुलिस के इस मानवीय व्यवहार और सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना था कि सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस का आत्मीय व्यवहार उनकी यात्रा को और अधिक सहज एवं सुखद बना रहा है। पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच स्थापित यह विश्वास कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

सहारनपुर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस बल पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सकुशल अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य