शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को सहारनपुर में आस्था, सेवा और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों और धरती पर गिरती बारिश की बूंदों के बीच पूरा कांवड़ मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। पुष्पवर्षा ने थके हुए कांवड़ियों में भी नया उत्साह भर दिया और श्रद्धालु हाथ उठाकर भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आए।
नगर निगम की ओर से आयोजित इस विशेष पुष्पवर्षा में महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरी और पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण हेलीकॉप्टर में सवार रहे। हेलीकॉप्टर जैसे ही कांवड़ मार्ग के ऊपर पहुंचा और शिवभक्तों पर फूलों की वर्षा शुरू हुई, वहां मौजूद श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना। फूलों की बारिश के बीच कांवड़ियों ने हाथ उठाकर अभिवादन किया और शिव के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
फूलों के साथ इंद्रदेव ने भी बरसाया जल
पुष्पवर्षा के दौरान मौसम ने भी इस आयोजन को और खास बना दिया। हेलीकॉप्टर से फूल बरस रहे थे और उसी समय आसमान से बारिश की बूंदें भी गिरने लगीं। फूलों और बारिश की बूंदों के एक साथ बरसने से कांवड़ मार्ग का दृश्य बेहद मनोहारी नजर आया। श्रद्धालुओं ने इस संयोग को भगवान शिव की कृपा बताते हुए उत्साह के साथ अपनी यात्रा जारी रखी।
कई स्थानों पर कांवड़ियों और स्थानीय लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। बारिश के बावजूद शिवभक्तों के कदम नहीं रुके और बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ियों का जत्था आगे बढ़ता रहा।
शिवभक्तों का स्वागत करना सौभाग्य की बात : महापौर
महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जाने वाले शिवभक्तों का स्वागत और उनकी सेवा करना नगर निगम के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सहारनपुर से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुष्पवर्षा के माध्यम से नगर निगम ने शिवभक्तों के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की है। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर भी नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं।
कांवड़ मार्ग पर लगातार जुटी हैं नगर निगम की टीमें
नगर आयुक्त शिपू गिरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम की टीमें लगातार मार्गों पर सक्रिय हैं। स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी पर्व है। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार मौके पर मौजूद हैं।
शिवभक्तों ने कहा- सहारनपुर का स्वागत याद रहेगा
पद्मश्री योग गुरु भारत भूषण ने कहा कि शिवभक्तों का स्वागत और सेवा करना पुण्य का कार्य है। गंगाजल लेकर पैदल चल रहे कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का दृश्य भावुक और आनंददायक रहा। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
वहीं हरिद्वार से गंगाजल लेकर सहारनपुर पहुंचे कांवड़ियों ने भी नगर निगम की व्यवस्थाओं और स्वागत की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद सहारनपुर में जिस तरह उनका स्वागत किया गया, वह यादगार है। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने यात्रा के दौरान होने वाली थकान को भी कुछ समय के लिए भुला दिया।
कांवड़ियों ने बताया कि मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की सुविधाएं मिल रही हैं। ऐसे में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा ने उनके स्वागत को और खास बना दिया। बारिश की फुहारों और आसमान से बरसते फूलों के बीच शिवभक्तों का काफिला बोल बम और हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ता रहा।









