शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की आगामी परियोजनाओं में सहारनपुर के व्यापारियों के लिए कमर्शियल एवं आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ पहुंचकर परिषद के एडिशनल आवास आयुक्त एवं सचिव डॉ. नीरज शुक्ला से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों की समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल ने किया। व्यापारियों ने कहा कि सहारनपुर में व्यापार लगातार विस्तार ले रहा है, लेकिन शहर के कई प्रमुख बाजारों में जगह की कमी और बढ़ते यातायात दबाव के कारण व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आवास एवं विकास परिषद की प्रस्तावित एवं आगामी परियोजनाओं में व्यापारियों के लिए व्यवस्थित कमर्शियल क्षेत्र विकसित किया जाना जरूरी है।
आगामी परियोजनाओं में कमर्शियल प्लॉट निकालने का आश्वासन
व्यापारी प्रतिनिधियों की मांग पर डॉ. नीरज शुक्ला ने आश्वासन दिया कि आवास एवं विकास परिषद सहारनपुर के व्यापारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी परियोजनाओं में कमर्शियल प्लॉट उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगी। इससे व्यापारियों को अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि परिषद की आगामी परियोजनाओं में व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवासीय प्लॉट भी विकसित किए जाएंगे। इससे व्यापारियों को व्यापारिक गतिविधियों के साथ आवासीय जरूरतों के लिए भी बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
कपड़ा व्यापारियों के लिए नया बाजार विकसित करने का सुझाव
बैठक के दौरान सहारनपुर में एक व्यवस्थित नए बाजार के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। डॉ. नीरज शुक्ला ने कहा कि यदि सहारनपुर के व्यापारी मिलकर परिषद को किसी प्रमुख वस्तु विशेष से संबंधित बाजार विकसित करने का प्रस्ताव देते हैं तो परिषद की परियोजना में व्यापारियों की आवश्यकताओं के अनुसार नया बाजार स्थापित करने पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कपड़ा व्यापारियों के लिए एक व्यवस्थित बाजार विकसित किया जा सकता है। वर्तमान में सहारनपुर का कपड़ा कारोबार मुख्य रूप से रायवाला और पंजाबी मार्केट जैसे क्षेत्रों में केंद्रित है, जहां बाजार के कंजस्टेड होने के कारण व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी परिषद को समुचित प्रस्ताव उपलब्ध कराते हैं तो व्यापारियों की आवश्यकताओं के अनुसार नई परियोजना में पूरा नया बाजार विकसित करने और दुकानें बनाकर आवंटित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जा सकता है।
व्यापारियों के लिए नई संभावनाओं का खुलेगा रास्ता
व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने परिषद के अधिकारियों के समक्ष कहा कि सहारनपुर के व्यापारियों को आधुनिक और व्यवस्थित व्यापारिक क्षेत्रों की आवश्यकता है। यदि कमर्शियल प्लॉट और दुकानें उपलब्ध होती हैं तो इससे न केवल व्यापारियों को अपना कारोबार विस्तार देने का अवसर मिलेगा, बल्कि शहर में नए बाजार विकसित होने से यातायात और भीड़ के दबाव को भी व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने परिषद के अधिकारियों से मांग की कि सहारनपुर की व्यापारिक आवश्यकताओं का सर्वे कराकर आगामी परियोजनाओं में व्यापारियों के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष युवा अंकित जैन, उपाध्यक्ष प्रवीण गाबा, गौरव गुप्ता, संजय मोहन गुप्ता, प्रशांत गोयल, पवन गुप्ता, मुकेश सेठ, प्रवीण गुप्ता, तजिंदर सिंह तनेजा, अजय कुमार जैन, विजय तनेजा, जीवन गुप्ता, केतन गुप्ता एवं सजल गोयल आदि शामिल रहे।








