लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को 1228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं 492 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, जबकि शेष 736 अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार चयनित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती प्रदेश के प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में की जाएगी। इनमें आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं सहित अन्य जनपद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कानपुर स्थित जेके कैंसर संस्थान तथा हृदय रोग संस्थान में भी इनकी नियुक्ति की जाएगी।
यह भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से पूरी की गई है। चयनित अभ्यर्थियों में 1097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग स्टाफ की कमी दूर होगी तथा मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।
प्रदेश सरकार का यह निर्णय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।








