शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 वाहनों को सीज किया है। इस दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखेबाजी कर लोक-न्यूसेन्स फैलाने वाले चालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी सिमरन सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में 21 मार्च 2026 को चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन सवारी बैठाकर चल रही मोटरसाइकिलों और ओवरलोड वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। वहीं बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी 11 बीए 3251 का चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए पटाखेबाजी कर हंगामा करता मिला, जिससे आमजन को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलेट को सीज कर चालक के खिलाफ धारा 281/270 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इसके अलावा दो ओवरलोड ट्रकों को भी सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक चन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सोलंकी, महिला उपनिरीक्षक सुमन और हेड कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








