शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर में विश्व जल दिवस के अवसर पर जिला व्यापार मंडल द्वारा एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जल संरक्षण और इसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्थानीय रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टंडन और जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा ने कहा कि आज के समय में धन से भी अधिक महत्वपूर्ण जल को बचाना है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य को सुरक्षित रखना है तो आज से ही जल संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर जल की मात्रा अधिक होने के बावजूद पीने योग्य जल बेहद सीमित है और लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जल संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट और गहराएगा।
बैठक में बताया गया कि विश्व स्तर पर करोड़ों लोगों को आज भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं है और हर वर्ष लाखों लोग दूषित पानी के कारण अपनी जान गंवाते हैं। भारत में भी कई क्षेत्रों में जल संकट गंभीर रूप ले चुका है और भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि जल ही जीवन है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। सभी लोगों से अपील की गई कि वे जल का सीमित और आवश्यक उपयोग करें तथा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं।
बैठक में कर्नल संजय मिड्ढा, मेजर एसके सूरी, रमेश डावर, संदीप सिंघल, पवन गोयल, बलदेव राज खुंगर, अभिषेक भाटिया, संजीव सचदेवा, संजय महेश्वरी, अशोक मलिक, राजीव अग्रवाल, मुरली खन्ना सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








