शहरी चौपाल ब्यूरो
कानपुर। कानपुर में रेलवे ग्राउंड, पराग डेयरी परिसर में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रादेशिक निरंकारी संत समागम का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन सम्पन्न हुआ। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के दिव्य आशीर्वाद और निरंकारी राजपिता जी की गरिमामयी उपस्थिति ने समागम को विशेष बना दिया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लेकर इसे एक विशाल आध्यात्मिक पर्व का रूप दिया। समागम स्थल को सुव्यवस्थित टेंट नगरी के रूप में विकसित किया गया, जहां अनुशासन, स्वच्छता और प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समागम से पूर्व निरंकारी यूथ फोरम द्वारा खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर टीम भावना और अनुशासन का परिचय दिया। साथ ही निरंकारी यूथ सिम्पोजियम के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक चिंतन का मंच प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गीत, प्रवचन, स्किट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, प्रेम और मानवता का संदेश दिया गया। अपने आशीर्वचनों में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य प्रेम, दया, करुणा और समर्पण जैसे गुणों को अपनाना है।
उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति और सत्संग से आत्मिक शांति प्राप्त होती है और मनुष्य को जीवन का सही मार्ग मिलता है। तितली के उदाहरण से उन्होंने सकारात्मक परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों को बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा दी।
समागम के समापन पर श्रद्धालुओं ने मानव एकता, प्रेम और सत्य के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। यह आयोजन आध्यात्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनकर उभरा।








