शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ईद-उल-फितर के अवसर पर गुरुसिंह सभा द्वारा गुरुनानक इंटर कॉलेज में नमाज के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था को सामाजिक सौहार्द की मिसाल बताया गया है। सहारनपुर लोकसभा सांसद काज़ी इमरान मसूद ने जनपदवासियों को शांतिपूर्ण माहौल में ईद मनाने पर हार्दिक शुभकामनाएं और धन्यवाद दिया।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा द्वारा जारी बयान के अनुसार, काज़ी इमरान मसूद ने कहा कि संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए गुरुसिंह सभा ने जिस तरह से ईद की नमाज के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की, वह गंगा-जमुनी तहजीब और सर्वधर्म समभाव का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भले ही मौसम साफ रहने के कारण इस व्यवस्था का उपयोग नहीं हुआ, लेकिन यह पहल समाज में आपसी भाईचारे और एकता को और मजबूत करने वाली है।
काज़ी इमरान मसूद ने गुरुसिंह सभा के सभी सदस्यों के साथ सरदार गुरप्रीत सिंह बग्गा और सरदार जसप्रीत बजाज का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी विश्वास को बढ़ाते हैं तथा धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतों को कमजोर करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए, जिससे देश की एकता और अखंडता को और मजबूती मिल सके।








