शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन शिवालिक पहाड़ियों में स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर मां भगवती के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। पूरे मंदिर क्षेत्र में दिनभर जय माता दी के गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर की ओर आना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। मान्यता के अनुसार भक्त पहले बाबा भूरादेव के दर्शन कर प्रसाद अर्पित करते हैं, इसके बाद मां शाकंभरी देवी के दरबार में पहुंचकर शीश नवाते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां के दरबार में सच्चे मन से प्रार्थना करने पर सभी दुख-कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
चैत्र नवरात्र मेले के चलते प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर से लगभग दो किलोमीटर पहले गांव नागल माफी के पास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
मंदिर व्यवस्थापक कुंवर अतुल्य प्रताप राणा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा के दृष्टिगत मेला परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दर्शन कर सकें। उल्लेखनीय है कि चैत्र नवरात्र के दौरान यहां लगने वाले भव्य मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।








