शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नालंदा वर्ल्ड स्कूल में नालंदा डिफेंस एकेडमी द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप टेस्ट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस परीक्षा में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की तैयारी के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सुभाष चौधरी, निदेशक मुकुल चौधरी, प्रधानाचार्य आशीष मिश्रा तथा ज्ञानसागर एडुटेक के डायरेक्टर दिव्यांश विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. सुभाष चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा के लिए समर्पण, अनुशासन और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनडीए जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
निदेशक मुकुल चौधरी ने बताया कि इस स्कॉलरशिप टेस्ट के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।
विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








