शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर | सहारनपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था फ्रेंड्स मॉर्निंग क्लब के वार्षिक चुनाव में एक बार फिर समाजसेवी एम.पी. सिंह चावला को लगातार तीसरी बार क्लब का प्रधान चुना गया। वहीं, पूर्व कोषाध्यक्ष हरीश ईशपुजानी को उप प्रधान घोषित किया गया। इस घोषणा के बाद क्लब के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया।
नवाबगंज चौक स्थित क्लब कार्यालय पर आयोजित चुनावी बैठक में चयन समिति के सदस्य एवं पूर्व प्रधान राकेश सचदेवा तथा राजेश गांधी ने आधिकारिक रूप से दोनों पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान एम.पी. सिंह चावला ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब ने उन पर लगातार तीसरी बार विश्वास जताया है, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी क्लब की सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए कार्य करेंगे।
वहीं उप प्रधान बनाए गए हरीश ईशपुजानी ने भी सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे अपने नए दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे तथा क्लब की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ सदस्यों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। इस अवसर पर पूर्व कोषाध्यक्ष सतीश कुक्कड़, गुरजीत मल्होत्रा, अरविंदर पाल सिंह चावला, नरेश मदान, संजय तनेजा, डिम्पी, अजय ठकराल, विनोद वर्मा, बॉबी गुंबर, गौरव मारवाह और राजीव अरोड़ा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा कम्पनी गार्डन क्लब के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। इनमें अनिल अरोड़ा, हर्ष डाबर, अशोक छाबड़ा, हरीश भटेजा, सुशील जसूजा, सुनील और दलीप सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस संस्था के चुनाव परिणाम को शहर के सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में एम.पी. सिंह चावला की सक्रिय भूमिका रही है, जिसके चलते उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।








