शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक सफाई से जुड़ी समस्या का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि अन्य समस्याओं के लिए स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड 60, नवीन मंडी स्थल चिलकाना रोड निवासी संजीव कुमार ने राधा कृष्ण कुंज मंदिर के पास सफाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। नगरायुक्त ने इस मामले को प्राथमिकता देते हुए तुरंत सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया। इसी प्रकार वार्ड 63 धोबीवाला गली निवासी शानू द्वारा भी गली में सफाई की समस्या उठाई गई, जिस पर संबंधित सफाई निरीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त वार्ड चकहरेटी निवासी श्यामलाल ने सीवर लाइन की सफाई, पानी की लीकेज और स्ट्रीट लाइट खराब होने की तीन अलग-अलग समस्याएं रखीं। नगरायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण से जुड़ी चार शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल प्रभारी को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। वहीं वार्ड 35 पंसारी बाजार निवासी नत्थूराम यादव द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़वाने की शिकायत पर नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नगरायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।








