शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस, गंगोह में उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर मंडल के जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मंत्री ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में विभाग ने सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। इस उपलब्धि पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए संतोष व्यक्त किया।
राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने निर्देश दिए कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी इसी प्रकार प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के पिछड़े वर्गों और दिव्यांगजनों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले और उनके जीवन स्तर में सुधार हो।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति से संबंधित प्रस्तुतियां दीं और क्षेत्रीय स्तर पर आ रही समस्याओं के बारे में भी अवगत कराया। मंत्री ने इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, सहारनपुर मंडल के अधिकारी सहित सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना और लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना था। मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल मानी जाएंगी, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और समाज के कमजोर वर्गों का वास्तविक उत्थान होगा।








