शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में गुर्जर समाज को संगठित करने और सामाजिक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श के उद्देश्य से आगामी 10 अप्रैल को जनमंच सभागार में आयोजित होने वाले “गुर्जर संसद एवं चिंतन सम्मेलन” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सहारनपुर प्रतिहार महासंघ (पंजीकृत) के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद इकरा हसन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल समाज के वरिष्ठजनों और आयोजकों ने सांसद को सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन समाज के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श करने, युवाओं को दिशा देने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद इकरा हसन ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की बेटी होने के नाते वह समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज की समस्याओं और मांगों को संसद में मजबूती के साथ उठाया जाएगा और हर स्तर पर समाज के हितों की रक्षा के लिए कार्य किया जाएगा।
सुदेश प्रधान और प्रवेश गुर्जर ने सांसद से कहा कि समाज को उनसे काफी उम्मीदें हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से समाज को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में आगे बढ़ना होगा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि 10 अप्रैल को आयोजित होने वाला यह सम्मेलन क्षेत्र का एक बड़ा आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग भाग लेंगे। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, युवाओं के भविष्य और संगठन की मजबूती जैसे विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
इस दौरान नीरज सहजवा, बबलू मनानी, सलीम अख्तर, विकी पूजना, सचिन चौहान, नरेंद्र राठौर, वीरसेन चौधरी, रवि पंवार, मनोज पंवार, मोहित चौधरी, लक्ष्य चौधरी, जसवीर सढौली, दानिश पंवार, अभिषेक टिंकू अरोड़ा, संदीप सैनी, मुबारक गुर्जर सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर “गुर्जर संसद एवं चिंतन सम्मेलन” को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और आयोजक इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटे हुए हैं। यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज के भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








