शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले ही दिन कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ गई। नगर निगम द्वारा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और जीआईसी में आयोजित ट्रेनिंग में कई कर्मचारी अनुपस्थित रहे, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक आशुतोष की देखरेख में संपन्न कराया गया। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त बिकास धर दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन कुल 460 कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित था। इसमें 245 कर्मचारियों की ट्रेनिंग राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में और 215 कर्मचारियों की ट्रेनिंग जीआईसी में रखी गई थी।
इसके बावजूद कई कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। जिन कर्मचारियों ने अपनी अनुपस्थिति की सूचना तक नहीं दी, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए संबंधित विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारी को पत्र भी भेजा गया है।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि यह प्रशिक्षण तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें 22 और 23 अप्रैल को भी सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी पहले दिन अनुपस्थित रहे हैं, यदि वे अगले दो दिनों में प्रशिक्षण में शामिल हो जाते हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। लेकिन लगातार अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक निदेशक आशुतोष के अलावा जोन तीन के चार्ज अधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त बिकास धर दुबे, जोन दो की चार्ज अधिकारी श्रुति महेश्वरी और सहायक चार्ज अधिकारी सुधीर शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्तर पर जिम्मेदारी में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







