गागलहेड़ी में अवैध लकड़ी पर बड़ी कार्रवाई: आम की लकड़ी से भरी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, 5 आरोपी गिरफ्तार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर/गागलहेड़ी, । प्रतिबंधित पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम की लकड़ी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। इस दौरान मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

संयुक्त चेकिंग में पकड़ी गई अवैध लकड़ी

थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1 बजे उपनिरीक्षक अनिल कुमार और वन विभाग के उपनिरीक्षक रकम सिंह अपनी टीम के साथ गांव उग्राहू मार्ग के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध रूप से गुजर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर जांच की गई।

जांच में पाया गया कि दोनों ट्रॉलियों में प्रतिबंधित पेड़ आम की लकड़ी लदी हुई थी। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

मौके से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब निवासी हरोड़ा थाना गागलहेड़ी, रऊफ, आजाद, मोहसिन और आसिफ निवासी अल्हेडी थाना फतेहपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

शांति भंग में भी हुई कार्रवाई

इसी क्रम में थाना पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत शांति भंग की आशंका में भी कार्रवाई की। गांव छाचरेकी निवासी समून, आरिफ और आदिल के साथ-साथ गांव खतौली गुर्जर निवासी गजराज, शुभम, प्रमोद, नरेंद्र, अक्षय और अंकुर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

पर्यावरण संरक्षण पर प्रशासन सख्त

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई और अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या वन विभाग को दें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य