शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई से जुड़े व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवांगतुक जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान से कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन के नेतृत्व में हुई, जिसमें व्यापारियों ने जिले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
स्मृति चिन्ह व पुस्तक भेंट कर किया स्वागत
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें श्री अयोध्या धाम का चित्र, पुष्पगुच्छ तथा एक पुस्तक भेंट की। इस दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में व्यापारियों और प्रशासन के बीच संवाद हुआ।
बस अड्डे और घंटाघर सौंदर्यीकरण की उठी मांग
जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिले में नए बस अड्डे की मांग लंबे समय से लंबित है। वर्तमान में रोडवेज बस अड्डा रेलवे स्टेशन के पास स्थित होने के कारण बसें अक्सर रेलवे रोड पर खड़ी रहती हैं, जिससे व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के सामने जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है।
इसके अलावा शहर के प्रमुख और व्यस्ततम स्थल घंटाघर के सौंदर्यीकरण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई, ताकि शहर की छवि बेहतर हो सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाई जा सके।
व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर जोर
व्यापारियों ने अन्य स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की और प्रशासन से अपेक्षा जताई कि व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग प्रदान किया जाए।
जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में रहे शामिल
इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, रमेश डावर, राजीव अग्रवाल, संदीप सिंघल, संजय महेश्वरी, विजय मोंगा, पंकज धमीजा, सुनील धमीजा सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







