शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनगणना-2027 के तहत चल रहे डिजिटल स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए नगर निगम की टीम महानगर में लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। मंगलवार को जिला जज सतेंद्र कुमार सहित कई न्यायिक अधिकारियों, सिविल बार के अधिवक्ताओं और पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने डिजिटल स्व-गणना कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 7 मई से डिजिटल स्व-गणना अभियान प्रारंभ किया गया है, जो 21 मई 2026 तक संचालित रहेगा। इस अभियान के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं। निगम टीम द्वारा लोगों को डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पंजीकरण भी कराया जा रहा है।
सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला जज सतेंद्र कुमार ने स्वयं अपने मोबाइल से डिजिटल स्व-गणना की और अन्य न्यायिक अधिकारियों को भी इसके लिए प्रेरित किया। नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी एवं जोन-दो के सह प्रभारी सुधीर शर्मा ने सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया समझाते हुए उनका पंजीकरण कराया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित है और नागरिकों का डाटा गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की जानकारी किसी अन्य के साथ साझा नहीं की जाएगी तथा डाटा सुरक्षा के लिए विशेष तकनीकी प्रबंध किए गए हैं।
वहीं जोन-तीन के प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के नेतृत्व में पुलिस लाइन में भी विशेष अभियान चलाया गया। यहां बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना की। जेपी यादव ने स्वयं भी ऑनलाइन स्व-गणना कर अन्य कर्मचारियों को प्रेरित किया।
नगर निगम अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे जनगणना-2027 के डिजिटल स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय के भीतर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराएं। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल प्रणाली से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनेगी, जिससे सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।








