शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी, सहारनपुर। स्टेट हाईवे स्थित कोलकी टोल प्लाजा पर बुधवार देर शाम टोल टैक्स मांगने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि बारात में शामिल कार सवार दर्जनों युवकों ने टोलकर्मी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद टोल प्रशासन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम करीब 8:30 बजे गागलहेड़ी की ओर से बारात में शामिल लगभग दस कारों का काफिला कोलकी टोल प्लाजा पर पहुंचा। टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने वाहनों से नियमानुसार टोल टैक्स मांगा। आरोप है कि काफिले में शामिल दो कारों में सवार दर्जनों युवक बिना टोल दिए ही वाहन निकालने का दबाव बनाने लगे।
असिस्टेंट टोल मैनेजर शारदा प्रसाद पांडे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार सवार युवकों ने लाइन असिस्टेंट कोशैलेंद्र से किसी युवक की फोन पर बात कराने और बिना टोल टैक्स वाहन निकलवाने का दबाव बनाया। जब टोलकर्मी ने नियमों का हवाला देते हुए बिना टोल टैक्स वाहन निकालने से मना कर दिया तो युवक आक्रोशित हो गए।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने टोलकर्मी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। मारपीट में टोलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल टोलकर्मी को उपचार के लिए हरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
टोल प्रशासन की ओर से पुलिस को दो कारों के नंबर उपलब्ध कराते हुए अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि टोल प्लाजा पर मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद टोल कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा पर आए दिन विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।








