शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र के तल्हेड़ी के निकट निहंग सिख समुदाय के दो युवकों पर हुए कथित जानलेवा हमले को लेकर सिख समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज के प्रमुख लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नकुड़ निवासी निहंग सिख हरकीरत सिंह और उनके भाई प्रभजोत सिंह पर कुछ अज्ञात युवकों ने कथित रूप से मामूली मोटरसाइकिल टक्कर के बाद हमला कर दिया। आरोप है कि 15 से 20 युवकों के समूह ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों घायलों की ओर से देवबंद थाने में तहरीर दी गई तथा उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
बताया गया है कि घायलों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सहारनपुर के एसबीडी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकीय जांच में एक घायल के हाथ की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है, जबकि सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। सिख समाज के कई सदस्य अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लेने पहुंचे और बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई।
सिख समाज के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता टिंकू अरोड़ा ने घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि निहंग सिखों पर हमला केवल दो व्यक्तियों पर हमला नहीं, बल्कि पूरे सिख समाज की आत्मा पर हमला है। उन्होंने कहा कि निहंग सिख खालसा पंथ के योद्धा हैं और सदियों से धर्म, देश तथा मानवता की रक्षा के लिए संघर्ष करते आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
टिंकू अरोड़ा ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सिख समाज लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सिंह वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार मनजोत सिंह ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि हाल के समय में सिख समाज के लोगों पर हमलों की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सिख समाज हमेशा सभी धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है। ऐसे में समाज के लोगों पर हमले किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जा सकते।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सिख समाज के नेताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर सरदार साहब सिंह, सरदार गिन्नी सिंह, सरदार भगत सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार गुरप्रीत सिंह सहित अनेक समाजसेवी और सिख समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।








