शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार आ रही विद्युत समस्याओं को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता राजेश कुमार से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार होने वाली बिजली कटौती, ट्रिपिंग, हाई-लो वोल्टेज और तकनीकी खराबियों से उद्योगों को हो रहे नुकसान की जानकारी देते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
आईआईए चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता को बताया कि दिल्ली रोड, पिलखनी, देहरादून रोड, नवादा रोड, जनता रोड और कामधेनू उद्योग नगर सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से बिजली संबंधी गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार विद्युत ट्रिपिंग और हाई-लो वोल्टेज के कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है तथा उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उद्यमियों ने विशेष रूप से दिल्ली रोड, कैलाशपुर-गागलहेड़ी और देहरादून रोड स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्रों में तकनीकी खराबियों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि इन कारणों से कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इससे उद्योगों में मशीनें बंद हो जाती हैं और उत्पादन कार्य प्रभावित होता है।
प्रतिनिधिमंडल ने पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में हाई-लो वोल्टेज की गंभीर समस्या तथा बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की नियमित कटाई-छंटाई न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। उनका कहना था कि पेड़ों की टहनियां बिजली लाइनों से टकराने के कारण भी बार-बार फॉल्ट और आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनती है।
आईआईए के पूर्व चैप्टर चेयरमैन अनूप खन्ना ने सुझाव दिया कि प्रत्येक शुक्रवार को बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की नियमित छंटाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात और तेज हवा के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसके बिना उत्पादन एवं निवेश दोनों प्रभावित होते हैं।
मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि उद्योगों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में पूर्व चैप्टर चेयरमैन संजय बजाज, विनय दहूजा, पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के एरिया हेड शिवम गोयल, पुनीत डंग, मुकेश शर्मा, आशीष शर्मा, आदेश गर्ग, सुरेश बजाज, साजिद सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।








