Saharanpur News: कुतुबशेर पुलिस ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार, 7 इनवर्टर, 9 बैटरी, नकदी और अवैध चाकू बरामद

सहारनपुर के थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से 7 इनवर्टर, 9 बैटरी, गैस सिलेंडर, 12 हजार रुपये नकद और अवैध चाकू बरामद हुआ। आरोपी पर विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में कुतुबशेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुतुबशेर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी का भारी मात्रा में सामान, अवैध चाकू तथा 12 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान थाना कुतुबशेर समेत नकुड़ और कोतवाली देहात क्षेत्रों में दर्ज कई चोरी की घटनाओं से संबंधित है।

पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 3 जुलाई को ग्राम सबदलपुर निवासी गुलशन पुत्र चंद्ररूप ने थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर दुकान से दो इनवर्टर, दो बैटरियां, 17 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देशन तथा एसपी सिटी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक कुलवंत सिंह मलिक और उपनिरीक्षक भूपेश शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सिंचाई विभाग के खंडहर क्षेत्र से इस्लामनगर, थाना रामपुर मनिहारान निवासी इसरार पुत्र निसार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 इनवर्टर, 9 बड़ी बैटरियां, 5 छोटी बैटरियां, एक गैस सिलेंडर, 12 हजार रुपये नकद तथा एक अवैध चाकू बरामद किया। पुलिस के अनुसार यह सामान अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों से संबंधित है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ मिलकर रात के समय बंद दुकानों और मकानों में नकबजनी करता था। चोरी के बाद इनवर्टर, बैटरी और अन्य सामान राह चलते लोगों को कम दाम में बेच दिया जाता था और जो नकदी मिलती थी, उसे आपस में बांट लिया जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद चाकू वह अपनी सुरक्षा के लिए साथ रखता था।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और अन्य धाराओं में करीब आठ आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश में भी दबिश दे रही है ताकि चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से हाल के दिनों में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है और बरामद सामान की पहचान कर उसे संबंधित पीड़ितों को नियमानुसार वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य