शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर रेंज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों (जीओ) एवं थाना प्रभारियों (एसएचओ/एसओ) ने भाग लिया। कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कांवड़ मार्गों पर पुलिस व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, आपातकालीन सेवाओं तथा श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का बिंदुवार परीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें तथा यातायात को सुचारु बनाए रखें। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक सूचना का तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का व्यवहार श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं तथा कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य विभागों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, ताकि देशभर से आने वाले लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।









