Saharanpur Kanwar Yatra 2026: डीआईजी और एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर सहारनपुर में डीआईजी और एसएसपी ने कांवड़ मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहनता से आकलन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, प्रभारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल, घंटाघर, नकुड़ तिराहा, सरसावा, सरसावा कट, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरियाणा सीमा स्थित शाहजहाँपुर चौकी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर प्रस्तावित बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा, पार्किंग स्थल, पुलिस पिकेट, ड्यूटी प्वाइंट और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपातकालीन सेवाओं और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

डीआईजी और एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। यदि कांवड़ मार्ग पर कहीं भी यातायात बाधित होता है या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी व्यवस्थाएं यात्रा शुरू होने से पहले पूर्ण कर ली जाएं।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहे। इसके लिए पुलिस के साथ-साथ अन्य विभागों को भी समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य