शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का महापर्व है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जो भी शिवभक्त सहारनपुर आए, वह यहां से सुखद अनुभूति लेकर जाए। उन्होंने कांवड़ यात्रा को पूरी तरह जीरो प्लास्टिक इवेंट बनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा सड़कों पर न फैले और इसके लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में आयोजित कांवड़ शिविर संचालकों एवं निगम अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए महापौर ने अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर पेड़ों और झाड़ियों की कटाई-छंटाई, अतिक्रमण हटाने, अनावश्यक विज्ञापन बोर्ड एवं होर्डिंग्स हटवाने तथा पूरे मार्ग पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिवभक्तों के लिए शुद्ध पेयजल, स्नान हेतु जलापूर्ति, साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
महापौर ने कहा कि सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरे तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम पूरी तरह कार्यशील रहने चाहिए। उन्होंने शिविर संचालकों से प्लास्टिक के बर्तनों और क्रॉकरी का प्रयोग न करने तथा शिवभक्तों के स्वागत में पौधे भेंट करने का सुझाव भी दिया। साथ ही शिविरों में मधुर स्वर में भगवान शिव की स्तुति और भजन प्रसारित करने की बात कही।
बैठक में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा तथा महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल ने निगम की कार्ययोजना की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली 60 गलियों और 52 कटों को चिह्नित कर लिया गया है, जहां बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की जाएगी। बारिश की संभावना को देखते हुए जल निकासी के लिए वाटर पंप तथा 18 मोबाइल शौचालयों की भी व्यवस्था की गई है।
बैठक में कांवड़ संघ के अध्यक्ष संजय फुटेला, शिविर संचालक दिनेश सेठी, व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, राजेंद्र पांडेय सहित अनेक शिविर संचालकों ने अपने सुझाव रखे। कुछ महत्वपूर्ण सुझावों पर महापौर ने अधिकारियों को तत्काल क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक नगरायुक्त जे.पी. यादव, विकास धर दुबे, उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद दिग्विजय चौहान, ज्योति अग्रवाल, पूर्व पार्षद मानसिंह जैन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








