सहारनपुर न्यूज: वार्ड-23 में 20 लाख की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण शुरू, महापौर बोले- नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से कर रहा विकास

सहारनपुर के वार्ड-23 में करीब 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम ने शहर के वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वार्ड-23 के शहीद गंज स्थित बांसों वाली गली और नखासा बाजार क्षेत्र में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजना का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई तथा क्षेत्रीय पार्षद मुकेश गक्खड़ ने निर्माण स्थल पर गैंती चलाकर कार्य की शुरुआत कराई।

इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं को मजबूत बनाना है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। इसी क्रम में नगर निगम भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क और नाली निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को जलभराव और खराब मार्गों की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर निगम का आभार जताया।

क्षेत्रीय पार्षद मुकेश गक्खड़ ने कहा कि वार्ड की प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी वार्ड के विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष राजकुमार मक्कड़, उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद ज्योति अग्रवाल, पार्षद प्रतिनिधि परविंद तोमर, राजीव गुप्ता, सेक्टर संयोजक सन्नी कालरा, अख्तर अली जैदी, शाने हैदर, फराज अहमद, सुधीर मिगलानी, मोहित पुरी, चिराग गुप्ता, गुलशेर, रियाज अली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य