Saharanpur News: फतेहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड खनन सामग्री ले जा रहे 3 डंपर सीज

फतेहपुर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ओवरलोड खनन सामग्री ले जा रहे तीन डंपर सीज किए गए। तौल में क्षमता से अधिक सामग्री मिलने पर संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री से भरे तीन ओवरलोड डंपरों को सीज कर दिया। तौल के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री पाए जाने पर वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया तथा आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध खनन की रोकथाम के लिए जनपदभर में लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी बेहट एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में गुरुवार को थाना फतेहपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस एवं खनन विभाग की टीम ने खनन सामग्री से लदे तीन डंपरों को रोककर उनकी जांच की। संदेह होने पर वाहनों का तौल कराया गया, जिसमें तीनों डंपरों में निर्धारित मानक से अधिक खनन सामग्री भरी मिली। इसके बाद तीनों वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज कर थाना फतेहपुर में खड़ा करा दिया गया।

पुलिस के अनुसार सीज किए गए वाहनों में UP15CT8021, HR58E6751 तथा HR58C6964 नंबर के डंपर शामिल हैं। मामले की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दी गई है, जहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे वाहन न केवल राजस्व की हानि पहुंचाते हैं, बल्कि सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

इस संयुक्त अभियान में थाना फतेहपुर के प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा, खनन अधिकारी अखिलेश चौबे, उपनिरीक्षक सजल यादव, आरक्षी सन्नी देवल तथा आरक्षी मनीष कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य