शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी बेहट और क्षेत्राधिकारी सदर के साथ जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बड़कला चौकी से छुटमलपुर तिराहा, कलसिया तिराहा, कस्बा बेहट, गंदेवड़ा तिराहा होते हुए हथिनीकुंड बैराज तक पूरे कांवड़ मार्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसएसपी ने विभिन्न कांवड़ शिविरों, अस्थायी पुलिस चौकियों और ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि कांवड़ियों और आम नागरिकों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति या सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ शिविरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को जहां आवश्यक हो, वहां तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।








