शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल पर्यावरण संरक्षण और शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को कोर्ट रोड क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब दो दर्जन दुकानों की सघन जांच की गई, जिसमें 10 दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते पाए गए। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही भारी मात्रा में पॉलीथिन जब्त कर संबंधित दुकानदारों से कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने किया। निगम की टीम जैसे ही कोर्ट रोड पर जांच के लिए पहुंची, व्यापारियों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने एक-एक दुकान की जांच करते हुए प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक सामग्री की तलाशी ली। जांच के दौरान 10 दुकानदारों के पास प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग और बिक्री पर रोक लगाई गई है, क्योंकि यह पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ आर्थिक दंड के साथ-साथ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।
जोनल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन नालियों के जाम होने, जलभराव और प्रदूषण जैसी समस्याओं का प्रमुख कारण बनती है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करें और ग्राहकों को कपड़े, जूट या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करें।
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच.बी. गुरुंग ने कहा कि नगर निगम का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि भविष्य में कोई दुकानदार प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग या बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दुकान सील करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने में व्यापारियों और आम नागरिकों का सहयोग बेहद आवश्यक है।
अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, आशीष धौलाखंडी और नीरज कर्णवाल सहित प्रवर्तन दल के जवान मौजूद रहे। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की कि वे पॉलीथिन का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैकल्पिक साधनों को अपनाएं। निगम प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी शहर के विभिन्न बाजारों में इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।








