Saharanpur News: 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, मासिक बैठक में संगठन मजबूती पर दिया जोर

सहारनपुर में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन की समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लानी शुरू कर दी है।  अंबाला रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों की समीक्षा की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने और प्रत्येक गांव, वार्ड तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखते हुए पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर समाज को विभाजित करने की राजनीति की जा रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे लोगों को जागरूक करें और सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।

पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर और प्रदेश सचिव मजहरी राणा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और प्रत्येक बूथ पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री विनोद तेजियान और लियाकत अली ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की अपील की।

वरिष्ठ नेताओं चौधरी साजिद, चौधरी अब्दुल गफूर और ब्लॉक प्रमुख चौधरी ताहिर हसन ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के बल पर ही प्रदेश में परिवर्तन संभव है।

बैठक को प्रदेश सचिव रूही अंजुम, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर विजेश शर्मा, प्रवक्ता फैसल सलमानी, संदीप सैनी सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य