श्री कांत शर्मा
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। श्रावण मास के पावन अवसर पर गागलहेड़ी से होकर गुजरने वाला कांवड़ मार्ग इन दिनों शिवभक्ति, आस्था और उत्साह के रंगों से सराबोर है। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। आकर्षक और रंग-बिरंगी कांवड़ों के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

श्रावण मास के साथ ही कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय देते हुए कठिन यात्रा पूरी कर रहे हैं। लंबी दूरी तय करने के बावजूद शिवभक्तों के चेहरों पर थकान नहीं, बल्कि भक्ति और उत्साह की झलक साफ दिखाई दे रही है। जगह-जगह लगाए गए सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं को विश्राम, भोजन, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यमुनानगर के गतौली निवासी मोहित, नितेश, अर्जुन और कार्तिक 151 लीटर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं कुरुक्षेत्र निवासी राजेंद्र, अमन, सुरेंद्र, राजेश, मोंटू, पप्पू और राजू भी “बोल बम” के जयघोष के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। उनकी सुसज्जित कांवड़ें श्रद्धा, संकल्प और भक्ति का अद्भुत संदेश दे रही हैं।

महिलाएं और बच्चे भी इस धार्मिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। पंचकूला निवासी ज्योति, लक्ष्मी और शिवानी कांवड़ लेकर शिवधाम की ओर बढ़ रही हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से आए विनयराज, हंसराज, सन्नी और राजेंद्र भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा जारी रखे हुए हैं। कांवड़ यात्रा में महिलाओं और युवाओं की बढ़ती भागीदारी सामाजिक और धार्मिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश दे रही है।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह स्वयं कांवड़ मार्ग का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वहीं थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार भी लगातार मार्ग पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गागलहेड़ी क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा के समन्वय के साथ आगे बढ़ रही कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द का भी संदेश दे रही है। स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन भी शिवभक्तों की सेवा में जुटे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।









