मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। नरेंद्र मोदी आज 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर देश की महत्वाकांक्षी परियोजना दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का भव्य उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम उत्तर भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम से पहले ही सहारनपुर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, साथ ही धार्मिक स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री आज रात्रि विश्राम सहारनपुर में ही करेंगे और समय अनुसार पहुंचकर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को उत्तर भारत के सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है। इसके शुरू होने से दिल्ली से देहरादून के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
यह एक्सप्रेसवे पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा, जिससे देहरादून, मसूरी और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जिले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने दी जाएगी।
बड़ी संख्या में वीआईपी और आमजन के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था 12 अप्रैल की शाम से ही प्रभावी कर दी गई थी, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सहारनपुर और देहरादून के कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। साथ ही बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस पल के साक्षी बनने के लिए पहुंच रहे हैं।
अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित यह उद्घाटन समारोह क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण साबित होगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ न केवल बेहतर कनेक्टिविटी का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि विकास और आर्थिक प्रगति के नए द्वार भी खोलेगा।








