शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अंबेडकर जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया। अंबाला रोड स्थित पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपने पूरे जीवन में संघर्ष करते हुए वंचित और शोषित वर्ग को अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का योगदान सदैव याद रखा जाएगा और उनके सिद्धांतों पर चलकर ही उनके मिशन को पूरा किया जा सकता है।
पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर और प्रदेश सचिव मज़हीर राणा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में संविधान की मूल भावना को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका समाजवादी पार्टी हर स्तर पर विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के माध्यम से संविधान की रक्षा का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य ममता चौधरी और पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीडीए के सहयोग से प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश शर्मा, प्रदेश आमंत्रित सदस्य रतन यादव और वरिष्ठ नेता चौधरी अब्दुल गफूर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का अवसर है। इस दिन समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर समानता और न्याय के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, अच्छन यादव, संदीप सैनी, कासिफ अल्वी, नरेश कश्यप, मुस्तकीम राणा, विनोद कुमार, फुरकान त्यागी, सचिन गुर्जर, जमाल साबरी, हसीन कुरैशी, मोहम्मद राजिक, अभिषेक प्रधान, विशाल यादव, शाहिद मंसूरी, जितेंद्र यादव, जुबेर राणा, प्रिंस चौधरी, राजपाल सिंह और वेदपाल पटनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने और संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।








