देवबंद में 3 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा: पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, स्प्लेंडर बाइक बरामद

सहारनपुर के देवबंद में पुलिस ने मात्र 3 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

देवबंद। थाना देवबंद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चोरी की घटना का महज तीन घंटे में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को ग्राम करनजाली निवासी टिंकू कुमार पुत्र महेरचंद ने थाना देवबंद में तहरीर देकर बताया कि उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा अपराध संख्या 265/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने ग्राम रणखंडी निवासी अनुज पुत्र बिल्लूराणा उर्फ वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अन्य घटनाओं में तो शामिल नहीं रहा।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक रौबिल्स कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक डांगर और कांस्टेबल दीपक बालियान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस त्वरित खुलासे से जहां एक ओर पुलिस की सक्रियता और दक्षता सामने आई है, वहीं क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य