शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के देवबंद थाना कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आठ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती 8 जनवरी को सैनी सराय निवासी सुरजीत पुत्र जयप्रकाश द्वारा थाना देवबंद में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया था। इसी क्रम में सराय काहरान निवासी विशाल पुत्र पवन द्वारा भी संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अभिषेक पुत्र मोहर सिंह, मोहर सिंह पुत्र दाताराम, अर्जुन पुत्र मोहर सिंह निवासी मौहल्ला सैनी सराय तथा आनंद उर्फ बादशाह पुत्र राजकुमार, अंकित पुत्र बृजपाल, सागर पुत्र जयप्रकाश, विकास पुत्र रमेश और अनुज पुत्र सतपाल निवासी मौहल्ला सराय मालियान शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। लगातार की गई छापेमारी और खुफिया सूचना के आधार पर अंततः सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।







