सहारनपुर में जन चेतना मिशन के 20 वर्ष पूर्ण, गोवेंद्र सिंह बोले—सेवा के नए मानक स्थापित करेंगे

सहारनपुर में जन चेतना मिशन के 20 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित, अध्यक्ष गोवेंद्र सिंह ने सेवा के नए मानक स्थापित करने का संकल्प लिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शहर के प्रमुख सामाजिक संगठन जन चेतना मिशन द्वारा ओएसिस होटल के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के 20 वर्ष पूर्ण होने पर सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था अध्यक्ष सरदार गोवेंद्र सिंह ने कहा कि संस्था अपने सक्रिय कार्यकाल के बीसवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और इन वर्षों में जिस प्रकार सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया गया है, वह अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि जन चेतना मिशन ने विशेष रूप से लावारिस शवों के दाह संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य के माध्यम से समाज सेवा की एक नई परिभाषा गढ़ने का प्रयास किया है।

उन्होंने आगे कहा कि संस्था अपने 21वें स्थापना दिवस पर समाज में सौहार्द, भाईचारा और मानवता के मूल्यों को और मजबूत करने के लिए नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेगी तथा सामाजिक संगठनों के लिए नए मानक स्थापित करने का प्रयास करेगी।

इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन सतेंद्र आहूजा ने “लावारिस शवों के दाह संस्कार” जैसे अनूठे सेवा प्रोजेक्ट के दौरान आए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह कार्य जितना सेवा का है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी है, लेकिन संस्था के सदस्यों ने इसे अपनी जिम्मेदारी मानकर निभाया है।

संस्थापक सदस्यों वीरेन्द्र भारती और देवेंद्र जुनेजा ने 20 वर्ष पूर्व संस्था की स्थापना के समय को याद करते हुए उस दौर के संघर्षों और समर्पण को साझा किया। उन्होंने अन्य संस्थापक सदस्यों जैसे हरीश अरोड़ा, सुरेंद्र चौहान, रवि बब्बर और सुभाष चावला के योगदान को भी सराहा।

इस दौरान संस्थापक गुलशन नागपाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में संस्था के महासचिव राजेश मेहता और संयोजक के.एल. गुप्ता ने भी भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और सेवा कार्यों को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मनोज खुराना, नरेश कुमार, विकास खरबंदा, राजीव लट्टू, सौरभ गोयल, सरदार एच.एस. ग्रोवर, रोहित ढींगरा, रवि खुल्लर, गौरव भसीन सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि जन चेतना मिशन आगे भी समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहल करता रहेगा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेगा। संस्था का यह प्रयास न केवल सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य