सहारनपुर से “नौजवान-किसान बचाओ यात्रा” का शुभारंभ, उदय भानु चिब ने साधा सरकार पर निशाना

सहारनपुर से युवा कांग्रेस की “नौजवान-किसान बचाओ यात्रा” का शुभारंभ हुआ। उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए युवाओं और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शुक्रवार को सहारनपुर से “नौजवान-किसान बचाओ यात्रा” का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह संघर्ष देश के संविधान, किसानों और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए है।

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व कांग्रेस जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा एवं काज़ी हमजा मसूद सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिलाएं गांधी पार्क की ओर रवाना हुए, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इस दौरान उदय भानु चिब ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसानों और युवाओं के हित में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों के जरिए देश के बाजार को विदेशी ताकतों के लिए खोल दिया है, जिससे भारतीय किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और शांतिपूर्ण आंदोलन उसकी परंपरा का हिस्सा है। सरकार द्वारा विरोध की आवाज को दबाने के प्रयासों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

यात्रा गांधी पार्क से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए घंटाघर, नेहरू मार्केट और शहीद गंज होते हुए मोरगंज स्थित शहीद-ए-आज़म भगत सिंह स्मारक पर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और यात्रा का समापन किया गया।

यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाए जाने पर कुछ समय के लिए हल्का तनाव भी देखने को मिला, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस कभी भी जनहित के मुद्दों पर पीछे हटने वाली पार्टी नहीं है और यह पदयात्रा भाजपा सरकार के खिलाफ जनआंदोलन की शुरुआत है।

यात्रा में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं महानगर कांग्रेस के नेता, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम के पश्चात उदय भानु चिब ने दुर्घटना में घायल युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा के आवास पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह पदयात्रा सहारनपुर की राजनीतिक गतिविधियों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और आने वाले समय में इसके प्रभाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच सक्रियता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य