शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनगणना-2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शहर में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम की टीम ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराया। इस दौरान स्कूल स्टाफ की स्व-गणना भी कराई गई और विद्यार्थियों से अपने अभिभावकों तथा आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
नगर निगम की टीम कर निर्धारण अधिकारी एवं जोन-2 की चार्ज अधिकारी श्रुति माहेश्वरी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंची। टीम ने स्कूलों में जनगणना-2027 से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
चार्ज अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न योजनाएं तैयार करती है और विकास कार्यों की दिशा तय होती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का इसमें सही जानकारी के साथ भाग लेना बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग जनगणना के दूरगामी परिणामों से प्रभावित होता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार और अन्य सरकारी योजनाओं की रूपरेखा भी जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है। इसलिए सभी लोगों को इसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्व-गणना में भाग लेना चाहिए।
श्रुति माहेश्वरी ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे घर जाकर अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को स्व-गणना की जानकारी दें। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर स्व-गणना कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में जागरूकता तेजी से फैल सकती है।
नगर निगम की टीम ने सेंट मेरी स्कूल, इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज और जेबीएस इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर स्व-गणना कराई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अभियान में शामिल अधिकारियों ने बताया कि जनगणना-2027 को लेकर नगर निगम लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। विभिन्न वार्डों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
इस दौरान निगम की टीम में कर अधीक्षक सुधीर शर्मा के अलावा राघव, मनोज, संजीव, जुनैद और ताबिश सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम ने स्कूल प्रशासन का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया।
विद्यालयों के शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के माध्यम से जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने का यह प्रयास काफी प्रभावी साबित होगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के अभियानों से अधिकाधिक नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ेंगे और जनगणना-2027 को सफल बनाने में योगदान देंगे।








